नई दिल्ली (एडीएनए)। कच्चा तेल महंगा होने के बाद अलग-अलग एयरलाइंस ने अपने हिसाब से फ्यूल सरचार्ज लगाए हैं। एयर इंडिया ने फ्यूल सरचार्ज के लिए दो कैटागिरी तय की हैं। छोटी घरेली उड़ान में यात्रियों को राहत दी है लेकिन लम्बी दूरी की घरेलू उड़ान के साथ इंटरनेशनल रूट्स पर ज्यादा फ्यूल सरचार्ज लगाया है, इससे हवाई टिकट काफी महंगे हो गए हैं। एयर इंडिया ने बढ़ी कीमतें 8 अप्रैल से ही लागू कर दी हैं।
पश्चिम एशिया में युद्ध के चलते जेट फ्यूल की कीमतों में बड़ा उछाल हुआ है, इसके चलते एयरलाइंस को हवाई किराया बढ़ाना पड़ा है। फ्यूल सरचार्ज के नाम से टिकट महंगे करने वाली एयरलाइंस ने अलग-अलग फार्मूला अपनाया है। एयर इंडिया ने कम दूरी की घरेलू यात्रा करने वाले अपने पैसेंजर के लिए फ्यूल सरचार्ज में राहत रखी है पर लंबी दूरी वाले रूट्स पर यात्रा करने वाले यात्रिय़ों के लिए टिकट काफी महंगे कर दिए हैं।
एयर इंडिया ने जो दरें लागू की हैं उसके अनुसार 0-500 किमी के लिए 299 रुपये, 501-1000 किमी के लिए 399 रुपये, 1001-1500 किमी के लिए 549 रुपये, 1501-2000 किमी के लिए 749 रुपये और 2000 किमी से ऊपर 899 बढ़ाए हैं। अगर आपने पहले टिकट बुक करा ली है तो आपके लिए सरचार्ज से राहत रहेगी लेकिन नई बुकिंग के लिए ज्यादा पैसा देना होगा। अभी भी आप जल्द बुकिंग करा लेते हैं तो कुछ कम कीमत पर टिकट मिल सकती है।